
कड़ी सुरक्षा के बीच अखिल भारतीय सैन समाज धर्मशाला ट्रस्ट समिति के त्रिवार्षिक चुनाव संपन्न।
हरिद्वार, 15 मार्च। नया हरिद्वार कॉलोनी स्थित सैन समाज धर्मशाला में अखिल भारतीय सैन समाज धर्मशाला ट्रस्ट समिति के त्रिवार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। चुनाव प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी केके सतलेवाल के नेतृत्व में सहायक चुनाव अधिकारी प्रेमपाल और धर्मपाल सिंह की देखरेख में संपन्न कराई गई। सुरक्षा की दृष्टि से धर्मशाला के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस की निगरानी में पूरे दिन मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहा। चुनाव में अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष पदों के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। देश के सात राज्यों से सैन समाज से जुड़े सैकड़ों मतदाता मतदान में शामिल हुए। कुल 585 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद के लिए भोपाल सिंह और सतीश कुमार आमनेसामने रहे। मतगणना में भोपाल सिंह को 307 मत मिले, जबकि सतीश कुमार को 273 मत प्राप्त हुए। भोपाल सिंह अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किए गए।
महामंत्री पद के लिए धर्मपाल सिंह ठेकेदार और सत्येंद्र कुमार के बीच मुकाबला हुआ। धर्मपाल सिंह ठेकेदार को 313 मत प्राप्त हुए, जबकि सत्येंद्र कुमार को 264 मत मिले। इस प्रकार धर्मपाल सिंह ठेकेदार महामंत्री पद पर विजयी घोषित हुए। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए चंद्रप्रकाश और जितेंद्र कुमार ने चुनाव लड़ा। मतगणना में चंद्रप्रकाश को 304 मत मिले, जबकि जितेंद्र कुमार को 276 मत प्राप्त हुए। इसके साथ ही चंद्रप्रकाश कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों का फूल मालाओं से स्वागत किया और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। चुनाव अधिकारियों ने सभी मतदाताओं और प्रत्याशियों का शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित महामंत्री धर्मपाल सिंह ठेकेदार ने कहा कि वो बीस सालों से महामंत्री रहकर समाज की सेवा करते चले आ रहे हैं। इस बार भी सैन समाज ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समिति को और अधिक मजबूत बनाने, समाज के लोगों को जोड़ने और धर्मशाला के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।समाज की एकता और विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर पार्षद अनुज सिंह, जयदीप, जयदीप कुमार, कुलदीप, संदीप, मोहित, तेजपाल सिंह, बबलू सिंह, हिमांशु ठाकुर, रामकुमार आर्य, राजकुमार, शिवप्रताप प्रधान, वरुण प्रताप, प्रवेश कुमार और मांगेराम समेत सैन समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
