
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा- सनातन के प्रथम प्रहरी हैं प्रधानमंत्री मोदी
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को धर्मनगरी हरिद्वार में संत समाज ने उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिए मां मनसा देवी के दरबार में विशेष अनुष्ठान किया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी के नेतृत्व में हुए अनुष्ठान में संतों और पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को लड्डू प्रसाद वितरित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की बधाई दी गई।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी हिंदू हृदय सम्राट हैं। वह सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं के प्रथम प्रहरी के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और देश की आध्यात्मिक विरासत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है। भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपराओं की ओर पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित हुआ है। भारत ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यशैली का लोहा मानता है।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, संत समाज और समस्त सनातनी समाज की ओर से उन्हें बधाई, शुभकामनाएं और साधुवाद दिया जाता है। उन्होंने मां मनसा देवी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए कहा कि वह इसी प्रकार देश और समाज की सेवा करते रहें।
अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने श्रद्धालुओं को लड्डू प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर ट्रस्टी श्री महंत राजगिरि, अनिल शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
