
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी महाराज को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक फेसबुक पोस्ट ने हरिद्वार में सनसनी फैला दी है। पोस्ट में श्रीमहंत रविंद्र पुरी की हत्या होने या महंत नरेंद्र गिरी की तरह आत्महत्या करने जैसी गंभीर आशंका जताई गई थी। हालांकि कुछ देर बाद पोस्ट फेसबुक से हटा दी गई, लेकिन उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार, नवीन शर्मा नामक फेसबुक प्रोफाइल से की गई पोस्ट में अखाड़े की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद का उल्लेख करते हुए दावा किया गया कि निरंजनी अखाड़े के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी के साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है। पोस्ट में कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं और आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी का भी जिक्र किया गया।
पोस्ट हटाए जाने के बावजूद उसका स्क्रीनशॉट इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस घटनाक्रम के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोग इसे गंभीर मामला मानते हुए इसकी जांच की मांग कर रहे हैं।
मामले को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने इतनी गंभीर बातें किस आधार पर सार्वजनिक कीं और उसके पास इस प्रकार की जानकारी कहां से आई। सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट को कुछ लोग संभावित धमकी से जोड़कर भी देख रहे हैं।
फिलहाल, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट अथवा श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी महाराज की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, प्रशासन और पुलिस की ओर से भी इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में पोस्ट की सत्यता और उसके पीछे की मंशा को लेकर कई सवाल बने हुए हैं।
