
हरिद्वार, तीर्थनगरी हरिद्वार स्थित एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज का खेल मैदान 16 जून से राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाज़ी प्रतियोगिता का गवाह बनेगा। चार दिवसीय इस तीरंदाज़ी महाकुंभ में देश के विभिन्न राज्यों से 500 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य उच्च शिक्षा परिषद के सदस्य एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति से जुड़े कुलदीप चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में भारी उत्साह है। देशभर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए आवास, भोजन और अभ्यास सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कॉलेज परिसर में तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता उत्तराखंड में तीरंदाज़ी खेल को नई पहचान देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी।
